भारत का सामान्य परिचय: भारत की स्थिति, आकार, विस्तार, पड़ोसी देश, सीमा और तट रेखा

भारत: एक सामान्य परिचय

General Introduction of India: आज के इस लेख में हम भारत का सामान्य परिचय यानी कि भारत से संबंधित कुछ सामान्य जानकारियों के बारे में जानेंगे, जिनके बारे में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हर प्रतिभागी को जानना चाहिए।

तो आइए जानते हैं…..

विषय सूची

भारत का सामान्य परिचय (General Introduction of India)

भारत एक दक्षिण एशियाई देश है, जिसकी राजधानी नई दिल्ली है, जो देश के उत्तरी भाग में स्थित है। भारत एक लोकतांत्रिक गणराज्य है और यह विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। यह भौगोलिक रूप से हिंद महासागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से घिरा हुआ है। भारत आकर्षक प्राकृतिक सौंदर्य, बहुसंस्कृतिकता और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। इसके पड़ोसी देश पाकिस्तान, अफगानिस्तान, चीन, नेपाल, भूटान, बांगलादेश और म्यांमार हैं।

भारत विविधताओं से भरा हुआ है, जहां अनेक धर्म, भाषाएं, और संस्कृतियां मिलती हैं। हिंदी और अंग्रेजी भारत की दो मुख्य आधिकारिक भाषाएं हैं, लेकिन देश में कई अन्य भाषाएं भी बोली जाती हैं। हिंदू और मुस्लिम समुदायों के अलावा, भारत में सिख, जैन, बौद्ध और ईसाई धर्म के अनुयाय भी हैं।

भारत की ऐतिहासिकता बहुत प्राचीन है और यहां कई महान इमारतें, मंदिर, मौसोलियम और स्मारक स्थल स्थित हैं। यहां विश्व धरोहर स्थलों की सूची में 40 स्थल हैं, जिसमें ताज महल, खजुराहो मंदिर……. जैसे विश्व प्रसिद्ध स्थल शामिल हैं।

भारतीय संस्कृति और कला विश्वभर में मशहूर हैं। भारतीय संगीत, नृत्य, और फ़िल्म उद्योग विशेष रूप से प्रसिद्ध हैं। भारतीय राष्ट्रीय त्योहार दिवाली, होली, और दशहरा देश भर में मनाए जाते हैं और इन त्योहारों को विविधताओं और धार्मिक आयाम की खासियत से मनाया जाता है।

भारत एक विकासशील देश है और अर्थव्यवस्था के कई क्षेत्रों में निरंतर मजबूती दिखाते हुए आगे बढ़ रहा है। यह विश्व में उभरते देशों में से एक है और विज्ञान, तकनीक, फार्मास्यूटिकल, सूचना प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

भारत में पर्यटन उद्योग भी महत्वपूर्ण है, जहां पर्यटक अपने दर्शनीय स्थलों, पहाड़ों, गंगा नदी, राजस्थान के महलों, और केरल के आकर्षक तटों का आनंद ले सकते हैं।

भारत एक विशाल और विविध देश है, जहां समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत है। इसकी आधुनिकता, तकनीकी प्रगति, और विविधता भारत को विश्व में एक अद्वितीय स्थान देती है।

भारत की स्थिति और विस्तार (Location and Extent of India)

  • भारत दक्षिण एशिया का एक प्रमुख देश है, जो उत्तरी-पूर्वी गोलार्द्ध में स्थित है।
  • भारत की आकृति लगभग चतुष्कोणीय है।
  • भारत का क्षेत्रफल 32,87,263 वर्ग किलोमीटर है, जो विश्व के कुल क्षेत्रफल का 2.4% है।
  • क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत विश्व का सातवां सबसे बड़ा देश है।
  • जनसंख्या की दृष्टि से भारत विश्व में पहले स्थान पर है।
  • भारत का मुख्य भूभाग 8°4′ उत्तरी अक्षांश से 37°6′ उत्तरी अक्षांश तथा 68°7′ पूर्वी देशांतर से 97°25′ पूर्वी देशांतर तक विस्तृत है।
  • भारत का सबसे दक्षिणी बिंदु 6°45′ उत्तरी अक्षांश पर स्थित इंदिरा पॉइंट है, जो कि ग्रेट निकोबार द्वीप पर स्थित है। पहले इसे पिग्मेलियन पॉइंट या पारसन पाइंट कहा जाता था।
  • मुख्य भूभाग का दक्षिणतम बिंदु 8°4′ उत्तरी अक्षांश पर स्थित कन्याकुमारी (तमिलनाडु) है।
  • कन्याकुमारी से भूमध्य रेखा केवल 876 किलोमीटर दक्षिण में है।
  • भारत का सबसे उत्तरी बिंदु 37°6′ उत्तरी अक्षांश पर इंदिरा कॉल है।
  • भारत का पश्चितम बिंदु 68°7′ पूर्वी देशांतर पर गुहार मोती गांव है, जोकि गुजरात राज्य के कच्छ जिले में स्थित है।
  • भारत का सबसे पूर्वी बिंदु 97°25′ पूर्वी देशांतर पर अरुणाचल प्रदेश के अंजाव जिला स्थित किबिथू गाँव हैं।

भारत के पड़ोसी देश (Neighboring Countries of India)

  • पूर्व में बांग्लादेश, सुदूर पूर्व में म्यानमार, उत्तर में चीन, भूटान, नेपाल और उत्तर-पश्चिम में पाकिस्तान और अफगानिस्तान भारत के साथ भूमि सीमा साझा करने वाले 7 देश हैं।
  • मालदीव और श्रीलंका भारत के पड़ोसी देश हैं, जो समुद्री सीमा साझा करते हैं।

भारत की सीमा (Indian Border)

भारत स्थल रुद्ध (Land Locked) देश नहीं है, इस वजह से भारत की सीमा स्थलीय भी है और तटीय भी। तटीय सीमा के मुकाबले भारत की स्थलीय सीमा ज्यादा है। तो आइए….. भारत की सीमा के बारे में विस्तार से जानते हैं

भारत की स्थलीय सीमा (Land Border of India)

भारत की स्थलीय सीमा की कुल लंबाई 15,200 किलोमीटर है।

  1. पाकिस्तान – 3323 किलोमीटर
  2. अफगानिस्तान – 106 किलोमीटर
  3. चीन – 3488 किलोमीटर
  4. नेपाल – 1751 किलोमीटर
  5. भूटान – 699 किलोमीटर
  6. बांग्लादेश – 4096.7 किलोमीटर
  7. म्यानमार – 1643 किलोमीटर

भारत की स्थलीय सीमाओं के नाम (Names of Land Borders of India)

रेडक्लिफ रेखा: भारत – पाकिस्तान, भारत – बांग्लादेश के मध्य की सीमा

मैकमोहन रेखा: भारत – चीन के मध्य की रेखा

डूरंड रेखा: भारत – अफगानिस्तान के मध्य की रेखा

शून्य रेखा: बांग्लादेश और भारतीय राज्य त्रिपुरा के मध्य की रेखा

पड़ोसी देशों से लगने वाली भारतीय राज्यों की सीमाएं (Borders of Indian states with neighboring countries)

पाकिस्तान: गुजरात, राजस्थान, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख

अफगानिस्तान: लद्दाख

चीन: लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश

नेपाल: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम

भूटान: सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश

बांग्लादेश: पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम

म्यानमार: अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम

भारत की तटीय सीमा (India’s Coastal Range)

भारत की मुख्य भूमि की तटीय सीमा की लंबाई 6100 किलोमीटर है। द्वीपों/केंद्र शासित प्रदेशों समेत देश की कुल तटीय सीमा 7515.5 किलोमीटर है। भारत के 9 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों की तटीय सीमा है।

भारत के तटीय राज्य
क्रमांकदेशकुल सीमा (किमी में)
1.गुजरात1214.70
2.महाराष्ट्र652.60
3.गोवा101
4.कर्नाटक280
5.केरल569.70
6.तमिलनाडु906.70
7. आंध्र प्रदेश973.70
8.ओडिशा 476.70
9.पश्चिम बंगाल210
भारत के तटीय केंद्र शासित प्रदेश (Coastal Union Territories of India)
  • अण्डमान और निकोबार द्वीप समूह
  • लक्षद्वीप
  • दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव
  • पुदुचेरी

केंद्र शासित प्रदेशों में सर्वाधिक तटीय सीमा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की कुल तटीय सीमा 1912 किलोमीटर है, वहीं दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव की तटीय सीमा सबसे कम है।

इस प्रकार से भारत की कुल सीमा 22716.5 (15200+ 7516.5) किलोमीटर है।

सागरीय विस्तार (Ocean Expanse)

  • प्रायद्वीपीय भारत के पूर्व में बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम में अरब सागर स्थित है। बंगाल की खाड़ी का माध्य समुद्र तल अरब सागर से अधिक है।
  • माध्य समुद्र तल: वास्तव में माध्य समुद्र तल, उच्च ज्वार तथा निम्न ज्वार के माध्य को कहा जाता है। भारत का माध्य समुद्र तल मापन पहले मुंबई से किया जाता था। वर्तमान में यह मापन चेन्नई से किया जाता है। निकटवर्ती सागर में भारत के अधिकार क्षेत्र को निम्न भागों में वर्गीकृत किया जाता है।
  1. सीमावर्ती सागर: यह आधार रेखा से 12 नॉटिकल मील की दूरी तक विस्तृत है। इस क्षेत्र के उपयोग का भारत को संपूर्ण एवं एकाधिकार प्राप्त है। (1 नॉटिकल मील= 1.85 किलोमीटर)
  2. संलग्न सागर: यह आधार रेखा से 24 नॉटिकल मील की दूरी तक विस्तृत है। इस क्षेत्र में भारत को सीमा शुल्क की वसूली आदि का वित्तीय अधिकार प्राप्त है।
  3. अनन्य आर्थिक क्षेत्र: यह आधार रेखा से 200 नॉटिकल मील की दूरी तक विस्तृत है। इस क्षेत्र में भारत को वैज्ञानिक अनुसंधान, नए द्वीपों के निर्माण तथा प्राकृतिक संसाधनों के दोहन का अधिकार है।
  • इसके बाद उच्च सागर का विस्तार है, जहां सभी देशों को समान अधिकार प्राप्त है।
  • आधार रेखा टेढ़े मेढ़े तट को मिलाने वाली काल्पनिक रेखा होती है।
  • तटीय सीमा भारत को उपमहाद्वीप की संज्ञा दिलाती है।

तटीय सीमा के लाभ (Benefits of Coastal Border)

  • दक्षिण भारत की जलवायु को तटीय सीमा समकारी बनाए रखती है।
  • तटीय सीमा के कारण भारत में मानसूनी वर्षा प्राप्त होती है।
  • तटवर्ती क्षेत्र में बने बंदरगाह अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देते हैं।
  • तटीय सीमा के कारण भारत अन्य देशों के साथ आसानी से संपर्क में रह सकता है।
  • तटीय सीमा महासागरीय संसाधनों तक भारत की पहुंच एवं अधिकार सुनिश्चित करती है।
  • सुरक्षा तथा सामरिक दृष्टि से तटीय सीमा महत्वपूर्ण होती है।
  • उपरोक्त लाभ के बावजूद तटीय सीमा के कुछ नुकसान भी हैं। जैसे- भारत को सुनामी व चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है, साथ ही समुद्री लुटेरों का डर बना रहता है।
  • इन नकारात्मक पहलुओं के बावजूद तटीय सीमा के लाभकारी पक्ष अधिक है, इसलिए तटीय सीमा भारत के लिए एक वरदान के समान मानी जाती है।

भारत का अक्षांशीय और देशांतरीय विस्तार (India’s Latitudinal and Longitudinal Extent)

  • भारत 8°4′ उत्तरी अक्षांश से 37°6′ उत्तरी अक्षांश तथा 68°7′ पूर्वी देशांतर से 97°25′ पूर्वी देशांतर तक विस्तृत है।
  • भूमध्य भूभाग के सबसे उत्तरी तथा दक्षिणी बिंदु लगभग 30° अक्षांशीय दूरी पर स्थित है एवं सबसे पूर्वी तथा पश्चिमी बिंदु 30° देशांतरीय दूरी पर स्थित है।
  • मुख्य भूभाग का अक्षांशीय तथा देशांतरीय विस्तार 30° है, परंतु फिर भी उत्तर से दक्षिण तक की दूरी 3214 किलोमीटर एवं पूर्व से पश्चिम तक की दूरी 2933 है। उत्तर से दक्षिण के बीच की दूरी का अधिक होना, ध्रुवों की ओर बढ़ने पर देशांतरों की बीच की दूरी का कम होना है, जबकि अक्षांशों के मध्य लगभग समान दूरी होती है।

अक्षांशीय और देशांतरीय विस्तार का प्रभाव (Effects of Latitudinal and Longitudinal Range)

अक्षांशीय विस्तार का प्रभाव: लगभग 30 डिग्री का अक्षांशीय विस्तार होने के कारण भारत में विभिन्न प्रकार की जलवायु परिस्थितियां पाई जाती हैं तथा मृदा एवं वनस्पति के प्रकारों में भी विविधता परिलक्षित होती है। कर्क रेखा भारत के मध्य भाग से गुजरती है तथा भारत को उष्ण और शीतोष्ण कटिबंधीय क्षेत्रों में विभाजित करती है।

कर्क रेखा भारत के 8 राज्यों से गुजरती है

  • गुजरात
  • राजस्थान
  • मध्य प्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • झारखंड
  • पश्चिम बंगाल
  • त्रिपुरा
  • मिजोरम

देशांतरीय विस्तार का प्रभाव: देशांतरीय विस्तार होने के कारण भारत के सबसे पूर्वी तथा पश्चिमी भाग के स्थानीय समय में 2 घंटे का अंतर है। इलाहाबाद (प्रयागराज) के समीप से गुजरने वाले 82.5° पूर्वी देशांतर के स्थानीय समय को भारत का मानक समय (IST) माना गया है तथा भारत का मानक समय, ग्रीनविच मीन टाइम (GMT) से 5.5 घंटे आगे है।

82.5° पूर्वी देशांतर यानी की भारतीय मानक समय रेखा भारत के 5 राज्यों से गुजरती है

  • उत्तर प्रदेश
  • मध्य प्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • ओडिशा
  • आंध्र प्रदेश

भारतीय उपमहाद्वीप (Indian subcontinent)

  • किसी भी महाद्वीप का वह भाग, जो भौगोलिक दृष्टि से अपनी एक अलग पहचान रखता हो, तो उसे उपमहाद्वीप कहते हैं।
  • भारत के उत्तर-पश्चिम में हिंदू कुश, सुलेमान व किरथर पर्वत श्रेणी, उत्तर में हिमालय पर्वत श्रेणी, उत्तर-पूर्व में पूर्वांचल व अराकान योमा पर्वत श्रेणी की उपस्थिति तथा दक्षिण में सागर से घिरे होने के कारण भारत की दुर्गम एवं अभेद्य प्राकृतिक सीमाएं बनती हैं। इससे भारत एशिया महाद्वीप में प्राकृतिक रूप से अलग दिखाई देता है।
  • इसी पृथक भौगोलिक स्थिति के कारण भारत को उपमहाद्वीप की संज्ञा मिलती है।
  • भारतीय उपमहाद्वीप में भारत तथा कुछ निकटवर्ती देश सम्मिलित हैं। (भारत पाकिस्तान नेपाल भूटान बांग्लादेश श्रीलंका मालदीव)

विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के दृष्टिकोण से भारत से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण तथ्य (FAQ)

  • भारत में 28 राज्य तथा 8 केंद्र शासित प्रदेश हैं।
  • भारत का सबसे बड़ा राज्य राजस्थान तथा सबसे छोटा राज्य गोवा है।
  • भारत का सबसे बड़ा केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख तथा सबसे छोटा केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप है।
  • भारत का सबसे बड़ा जिला कच्छ (गुजरात) तथा सबसे छोटा जिला माहे (पुदुचेरी) है।
  • जनसंख्या की दृष्टि से भारत का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश तथा सबसे छोटा राज्य सिक्किम है।
  • देश के सर्वाधिक राज्यों से सीमा साझा करने वाला राज्य उत्तर प्रदेश है, जो कि 8 राज्यों से सीमा साझा करता है, जिनमें उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड तथा छत्तीसगढ़ शामिल हैं।
  • भारत की सबसे ऊंची चोटी K-2 (गॉडविन ऑस्टिन- 8611 मीटर) है।
  • भारत का सबसे निम्नतम (-2 मीटर) बिंदु कुटनाड (केरल के आलापुजा तथा कोटफटयम जिले में स्थित) है।
  • पाक जल संधि भारत को श्रीलंका से अलग करती है तथा पाक की खाड़ी को बंगाल की खाड़ी से जोड़ती है।
  • भारत तथा श्रीलंका के मध्य आदम ब्रिज स्थित है। आदम ब्रिज के उत्तर में पाक की खाड़ी तथा दक्षिण में मन्नार की खाड़ी स्थित है। मन्नार की खाड़ी भी भारत को श्रीलंका से अलग करती है।

भारत का सामान्य परिचय (General Introduction of India) के संबंध में दी गई ये जानकारी आप सभी को कैसी लगी? कमेंट के माध्यम से जरूर बताएं। यदि अच्छी लगी हो, तो अपने दोस्तों के साथ भी शेयर करें।

बेहतर जानकारी और निरंतर अपडेट रहने के लिए हमारे साथ टेलीग्राम में जरूर जुड़े

Join Telegram

यह भी पढ़ें:

हाइपरसोनिक मिसाइल क्या होती है और कितने प्रकार की होती है? विश्व के देशों के पास हाइपरसोनिक मिसाइल की स्थितिभारत को सोने की चिड़िया क्यों कहा जाता था ? जानें सोने की चिड़िया कहे जाने का कारण
चौरी चौरा कांड – 05 फरवरी 1922 | असहयोग आंदोलन और चौरी चौरा कांड का संबंध |रुपया – भारतीय रुपया | रुपया शब्द का प्रयोग सर्वप्रथम किसने किया?
सम्बंधित लेख

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लोकप्रिय